उत्तराखंड:- राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के ओगल भट्टा इलाके में शनिवार को एक प्रेम प्रसंग की भयभीत करने वाली घटना सामने आई। एक निजी शिक्षण संस्थान में साथ पढ़ने वाले प्रेमी-प्रेमिका के बीच हुए विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि दोनों ने एक-दूसरे पर किचन में रखे चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
MCA के छात्र हैं दोनों
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक (21 वर्ष) मूल रूप से मेरठ का रहने वाला है और युवती (21 वर्ष) देहरादून की ही निवासी है। दोनों क्लेमेंटटाउन स्थित एक निजी संस्थान में MCA प्रथम वर्ष के छात्र हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनके रिश्तों में कड़वाहट आ गई थी।
तीसरे शख्स की एंट्री
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि छात्रा पिछले कुछ समय से किसी अन्य युवक के संपर्क में थी। इसी बात को लेकर छात्र और छात्रा के बीच अनबन चल रही थी। शनिवार को छात्रा इसी मुद्दे पर बात करने के लिए छात्र के ओगल भट्टा स्थित कमरे पर आई थी।
चाकू से एक-दूसरे पर किया वार
बातचीत के दौरान बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों आपा खो बैठे। तैश में आकर उन्होंने रसोई में रखा चाकू उठा लिया और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने खून से लथपथ दोनों छात्र-छात्राओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

