नई दिल्ली :- राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके मालवीय नगर में उस समय सनसनी फैल गई जब एक घर के बंद कमरे से दो बहनों की लाश बरामद हुई। वहीं उसी घर के दूसरे कमरे में उनकी मां अधमरी हालत में पाई गई, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला ने पहले अपनी दोनों बेटियों की हत्या की और फिर खुदकुशी करने की कोशिश की। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है और पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है, ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना गुरुवार शाम की है। मालवीय नगर थाना पुलिस को शाम करीब 6 बजकर 10 मिनट पर पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को घर का मालिक बताया और कहा कि उसकी पत्नी कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है और अंदर से कोई आवाज भी नहीं आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराते हुए कमरे का दरवाजा तोड़ दिया।
दरवाजा खुलते ही पुलिस के सामने बेहद भयावह मंजर था। कमरे के अंदर एक युवती का शव पड़ा हुआ था, जिसके चेहरे पर तकिया रखा हुआ था। वहीं दूसरी युवती की गर्दन पर चुन्नी लिपटी हुई थी। दोनों की पहचान घर की बेटियों के रूप में हुई। मृतक बहनों की उम्र करीब 25 से 28 साल और दूसरी की उम्र करीब 34 साल बताई जा रही है।
जब पुलिस ने घर के दूसरे कमरे की तलाशी ली तो वहां उनकी मां बेहोश अवस्था में मिली। महिला की उम्र करीब 55 से 60 साल बताई जा रही है। वह अभी जिंदा थी, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि महिला ने पहले अपनी दोनों बेटियों की हत्या की और उसके बाद खुदकुशी करने की कोशिश की। हालांकि अभी तक इस घटना के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद ही इस मामले की असली सच्चाई सामने आ पाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने घर से कई अहम सबूत जुटाए हैं और पूरे घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारण का पता लगाया जा सके।

