बेमेतरा:- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के ग्राम बदनारा में गुरुवार दोपहर अचानक पैरावट (खलिहान में रखे सूखे भूसे) में आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि पास का एक घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया. घटना करीब दोपहर 1 बजे की बताई जा रही है. आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है.
सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ा नुकसान
आग की चपेट में आने से घर में रखा गैस सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया. इससे आग और तेज हो गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग आग लगने की घटना का वीडियो बना रहे थे इसी दौरान सिलेंडर ब्लास्ट की घटना भी मोबाइल में कैद हो गई.
दो और घरों तक पहुंचीं आग की लपटें
तेज आग की वजह से पास के दो घरों तक भी लपटें पहुंच गई. ग्रामीण लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश करते दिखे. आग और घरों तक न फैल सके इसके लिए गांव के लोगों ने आसपास के मोटर पंप चालू कर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया.

