सागर:- बांदरी थाना क्षेत्र के ग्राम बूधोन में शाम खेत में बटरी की फसल की थ्रेसिंग के दौरान एक मजदूर का हाथ अचानक मशीन में फंस गया। उसके बाद उसका सिर थ्रेसर के पंखों की चपेट में आ गया। इस हादसे में मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कल्याण गोंड़ (28) निवासी बूधोन बाहरपुर निवासी राहुल सिंह के ठेके पर लिए गए खेत में काम कर रहा था। शाम के वक्त वह जब थ्रेसर के हापर में फसल डाल रहा था, तब अचानक उसका हाथ मशीन के अंदर चला गया। जब तक वहां मौजूद लोग और परिजन मशीन बंद कर पाते, तब तक थ्रेसर की तेज रफ्तार ब्लेडों ने कल्याण का सिर पूरी तरह कुचल दिया।
परिवार के आंखों के सामने हुआ हादसा
दिल दहला देने वाली इस घटना के वक्त मृतक का परिवार भी उसी खेत में काम कर रहा था। परिजनों की आंखों के सामने ही यह हादसा हुआ, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया है। कल्याण अपने परिवार का मुख्य आधार था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलते ही बांदरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मशीन में फंसे शव को बाहर निकालकर स्थिति का जायजा लिया। बांदरी पुलिस ने शव को एम्बुलेंस की मदद से मालथौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।

