रोहतास :- बिहार के रोहतास जिले से प्रेम प्रसंग में हत्या की वारदात सामने आई है। सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बराढी गांव में बीती रात एक 28 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव है और गांव छावनी में तब्दील हो गया है।
आधी रात को आया था फोन और फिर…
मृतक की पहचान 28 वर्षीय शैलेंद्र कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि रात करीब दो बजे शैलेंद्र को किसी ने फोन कर घर से बुलाया था। वह गांव की ही एक युवती से मिलने उसके घर गया था। आरोप है कि वहां घात लगाकर बैठे कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और फिर लाठियों से तब तक पीटा जब तक उसकी जान नहीं निकल गई।
मौके पर ही तोड़ा दम
परिजनों का कहना है कि हमलावरों ने शैलेंद्र को मरणासन्न हालत में वहीं छोड़ दिया, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब घटना की जानकारी मिली तो कोहराम मच गया। मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है; शैलेंद्र अविवाहित था और अपने परिवार का एकमात्र सहारा था।
एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, पूछताछ जारी है। युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही है।

