दुर्ग:- छत्तीसगढ़ की स्टील सिटी दुर्ग भिलाई में शिक्षकों पर छात्रों के साथ मारपीट का आरोप लगा है. पूरी घटना बोरई के जवाहल नवोदय विद्यालय की है. यहां 11वीं कक्षा के छात्रों के साथ कथित मारपीट की बात सामने आ रही है. शुरुआती जांच में पता चला है कि 21 फरवरी शनिवार को छात्रों के पास मोबाइल मिलने के बाद उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई.
बोरई जवाहर नवोदय विद्यालय में मारपीट
21 फरवरी शनिवार को मोबाइल मिलने के बाद विद्यालय स्टाफ ने सात से आठ छात्रों को प्राचार्य कक्ष में बुलाया गया. आरोप है कि छात्रों को करीब ढाई घंटे तक कमरे में बंद रखा गया. उसके बाद छात्रों को बेल्ट, डंडे और हाथों से पीटा गया. इस दौरान एक छात्र के कान में गंभीर चोट आई, वहीं एक छात्र की आंख में चोट लगी है.
मारपीट पर छात्रों के परिजनों में गुस्सा
इस घटना को लेकर छात्रों के परिजनों में गुस्सा है. छात्रों का कहना है कि घटना की जानकारी बाहर देने पर उन्हें स्कूल से निष्कासन की धमकी दी गई. सूचना मिलते ही परिजन स्कूल पहुंचे और जमकर आक्रोश जताया. परिजनों का आरोप है कि कुछ बच्चों के कान, आंख और यहां तक कि निजी अंगों में भी चोट पहुंची है. उन्होंने दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों और मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही है. परिजनों ने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी दो बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं.

