धार:- जिले की कुक्षी तहसील के डेहरी क्षेत्र के ग्राम झिगरी बयड़ी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मृत्यु भोज में शामिल होने पहुंचे एक व्यक्ति की मधुमक्खियों के हमले से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ग्राम झिगरी बयड़ी में एक आदिवासी परिवार में शोक के बाद 20 फरवरी को मृत्यु भोज का आयोजन किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में रिश्तेदार शामिल हुए थे।
खेत की ओर गए लोगों पर अचानक टूटा मधुमक्खियों का झुंड
गुरुवार 21 फरवरी को शाम करीब 4 बजे सभी लोग खेत की ओर गए थे। इसी दौरान खेत के पास एक पेड़ पर लगे मधुमक्खी के छत्ते में अचानक हलचल हुई और मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान ग्राम गातला निवासी 60 वर्षीय हुसैन पुत्र गुलाब मधुमक्खियों के डंक का गंभीर शिकार हो गए। उन्हें बड़ी संख्या में डंक लगे, जिससे उनकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई और बाद में मृत्यु हो गई।

