जांजगीर चांपा:- नवागढ़ थाना इलाके में बड़े पैमाने पर इमारती लकड़ी की तस्करी का खुलासा वन विभाग ने किया है. मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भादा स्थित एक बंद राइस मिल परिसर में रेड किया. रेड के दौरान टीम को मौके से 15 ट्रक से अधिक तेंदू और खैर की लकड़ी मिली, जिसे वन विभाग ने जब्त कर लिया है. शुरूआती जांच के अनुसार लकड़ी की कीमत करीब 50 लाख बताई जा रही है.
अंतर्राज्यीय गिरोह पर तस्करी का शक
दरअसल, वन विभाग को ट्रक और माजदा वाहन में बेशकीमती लकड़ी के परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी. खबर मिलने के बाद रायगढ़ वन विभाग की उड़नदस्ता टीम जांजगीर चांपा के नवागढ़ थाना के भादा ग्राम पहुंची. जिसके बाद बंद पड़े राइस मिल के गोदाम को जांचा गया. जांच में वहां से करीब 15 ट्रक कीमती लकड़ी बरामद हुआ. बंद पड़े राइस मिल से जो लकड़ी बरामद की गई है वो तेंदू और खैर पेड़ की है.
बंद पड़े राइस मिल पर हुई कार्रवाई
वन मंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे बताया, भादा गांव के बंद राइस मिल परिसर में अवैध आरा मिल संचालित होने और लकड़ी का अवैध भंडारण मिला है. मौके से तेंदू और खैर की लकड़ी बरामद हुई, जिनका व्यापार बिना अनुमति प्रतिबंधित है. टीम पहुंचने से पहले कर्मचारी फरार हो गए थे. पूरे परिसर को सील कर लकड़ियों की गिनती की जा रही है. एक मजदा और ट्रक में लदी लकड़ी को डिपो भेजा गया है. जांच के दौरान एक डायरी भी मिली है, जिसमें वाहनों की आवाजाही का विवरण दर्ज है.

