दतिया:- बसई रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र अनिकेत पुत्र संजीव कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे उस समय हुई जब युवक इंटरनेट मीडिया के लिए वीडियो (रील) बनाने के चक्कर में खड़ी मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया और ऊपर से निकली ओएचई लाइन के संपर्क में आने से गंभीर रुप से झुलस गया।
तेज करंट लगते ही वह नीचे गिर पड़ा। आवाज सुनकर मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों और लोगों का ध्यान उधर गया, तब तक अनिकेत गंभीर रूप से झुलस चुका था। स्थानीय लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।जीआरपी पुलिस ने बताया कि ओएचई लाइन में अत्यधिक हाई वोल्टेज करंट रहता है, जिससे बिना छुए भी खतरा हो सकता है। इस तरह ट्रेन या इंजन पर चढ़ना बेहद जानलेवा है।

