बालोद:- जिले में पुलिस कप्तान के आदेश की अवहेलना करना थानेदार और आरक्षक को महंगा पड़ गया। बताया जा रहा है कि एसपी ने अर्जुन्दा थाने में पदस्थ एक आरक्षक का तबादला किया था। आदेश के बाद भी थानेदार ने आरक्षक को रिलीव नहीं किया गया। जिस पर सख्त एक्शन लेते हुए एसपी योगेश पटेल थानेदार और आरक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। एसपी के इस एक्शन के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला बालोद जिले के अर्जुन्दा थाने का है। बताया जा रहा रहा है कि बालोद एसपी योगेश पटेल ने 16 सितंबर 2025 को आरक्षक पंकज तारम का स्थानांतरण अर्जुन्दा थाना से गुंडरदेही थाना किया था। इसके लिए बकायदा स्थानांतरण आदेश जारी किया गया था। लेकिन एसपी के आदेश के बाद भी अर्जुन्दा थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू ने आरक्षक को रिलीव नहीं किया। जिसके कारण स्थानांतरण आदेश का पालन नहीं हो सका।
वहीं दूसरी तरफ आरक्षक पंकज तारम ने भी स्थानांतरण आदेश के बावजूद नये पदस्थापना पर ज्वाइनिंग नही दी गयी। मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी ने इसे गंभीरता से लिया। इस अनुशासनहीनता पर एसपी ने सख्त संदेश देते हुए अर्जुन्दा थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू और आरक्षक पंकज तारम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया हैै।

