महासमुंद:- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपने छोटे भाई के साथ मिलकर पत्नी के प्रेमी की लाठी और ईंट से बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कोसरंगी गांव का है। पुलिस के मुताबिक, वार्ड नंबर-5 निवासी नकूल साहू (33) की पत्नी और गांव के ही भाटापारा निवासी वाकेश साहू (27) के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। वाकेश अक्सर रात के समय छिपकर नकूल की पत्नी से मिलने उसके घर आता था।
मंगलवार 3 फरवरी की देर रात वाकेश साहू घर से टहलने का बहाना बनाकर नकूल की पत्नी से मिलने पहुंचा। इसी दौरान नकूल को इसकी जानकारी लग गई और उसने वाकेश को अपनी पत्नी के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ।
विवाद के दौरान नकूल का छोटा भाई निर्मल साहू (19) भी मौके पर पहुंच गया। गुस्से में आकर दोनों भाइयों ने वाकेश पर लाठी और ईंट से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोटें लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण वाकेश की मौके पर ही मौत हो गई।
बुधवार सुबह नकूल के घर के सामने वाकेश का शव पड़ा मिला। घटनास्थल पर खून से सने ईंटों के टुकड़े भी बरामद किए गए। मृतक के परिजनों की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

