जांजगीर-चांपा:- जिले में पुलिस और एक फरार आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई. बोदसरा गांव के सबरिया डेरा में छिपे आरोपी को पकड़ने पुलिस ने घेराबंदी की थी. इसी दौरान आरोपी ने देशी कट्टे से पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसने हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण कर दिया.
रात में राह चलते लोगों को बनाते थे निशाना
घायल आरोपी की पहचान रामनाथ गोंड के रूप में हुई है. रामनाथ अपने 9 साथियों के साथ मिलकर पामगढ़ और शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में सिर्फ दो रातों में 5 लूट की घटनाएं, मारपीट और 2 हत्या के प्रयास (हाफ मर्डर) को अंजाम दे चुका था. आरोपी रात के समय बाइक से घूमते थे. सड़क पर चलते लोगों को रोककर गाली-गलौज, मारपीट और लूटपाट करते थे. शराब के नशे में इन वारदातों को अंजाम दिया जाता था.
9 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार
इस पूरे मामले में कुल 10 आरोपी शामिल हैं, जिनमें 2 नाबालिग भी हैं. पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है.
CCTV और ग्रामीणों की मदद से पहचान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शिवरीनारायण, पामगढ़ थाना और साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू की. CCTV फुटेज और पीड़ितों के बयान के आधार पर 3 बाइकों में घूम रहे 9 युवकों की पहचान की गई.
सुबह 5 बजे शुरू हुई घेराबंदी
फरार आरोपी रामनाथ के बोदसरा में छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने सुबह करीब 5 बजे घेराबंदी की. आरोपी को भनक लगते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी. थाना प्रभारी राजेश श्रीवास्तव ने जवाबी कार्रवाई में दो राउंड फायर किए.

