रायगढ़:- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित JSW कंपनी से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। कंपनी के गर्ल्स हॉस्टल में एक महिला असिस्टेंट मैनेजर का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिससे प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान खुशबू चौबे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जमशेदपुर की रहने वाली थी। वह नहरपाली स्थित JSW प्लांट के SMS विभाग में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थी और कंपनी परिसर में बने हॉस्टल में ही रहती थी।
गुरुवार शाम हॉस्टल में रह रही अन्य कर्मचारियों ने जब खुशबू के कमरे में फांसी पर लटका शव देखा, तो तत्काल इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन और भूपदेवपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शुक्रवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हॉस्टल में रहने वाले अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।

