दुर्ग:- कोतवाली थाना इलाके से हत्या की एक खौफनाक तस्वीर सामने आई है. यहां एक युवक ने दूसरे युवक पर गैस सिलेंडर से जानलेवा हमला कर दिया. जानलेवा हमले में युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान शंभू उड़िया के रुप में हुई है. पुलिस ने हत्या के आरोप में भूपेंद्र सागर नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है. सिटी कोतवाली पुलिस की पूछताछ में ये बात सामने आई है कि आरोपी नशे का आदि है.
सिलेंडर मारकर हत्या: मृतक शंभू उड़िया और आरोपी भूपेंद्र सागर दोनों एक ही जगह खाना खा रहे थे. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. जुबानी विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया. आरोप है कि भूपेंद्र सागर नाम के शख्स ने वहां पर रखे गैस सिलेंडर से शंभू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गैस सिलेंडर की चोट से शंभू का सिर लहूलुहान हो गया. मौके पर ही शंभू की मौत हो गई.
पकड़ा गया आरोपी: युवक की हत्या किए जाने की खबर मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को अपनी गिरफ्त में ले लिया. पुलिस की पूछताछ में ये पता चला कि आरोपी नशे का आदि है और अक्सर नशे में डूबा रहता है. पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी की क्राइम कुंडली खंगालनी शुरु कर दी है.
