पटना :- बिहार के पटना जिले में दूध पीने से एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई है. घटना पालीगंज खिरिमोर थानाक्षेत्र के खीरीपर गांव की है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है. पुलिस ने प्रथम दृश्यता जहर से बच्चों की मौत हुई है, हालांकि इसकी जांच चल रही है.
राखी पर नानी के घर आए थे बच्चे: पुलिस के मुताबिक मृतक के परिवार वाले अरवल जिला के मसदपुर गांव के रहने वाले हैं. सभी बच्चे अपनी मां के साथ पटना के खिरिपर गांव ननिहाल में रह रहे थे. ननिहाल के लोग पड़ोस से प्रतिदिन दूध खरीद कर लाते थे. परिजन ने बताया कि इसी दूध को पीने के बाद पेट दर्द हुआ और मौत हो गई.
पिता गुजरात में करते हैं नौकरी: मृत बच्चों की पहचान 5 वर्षीय विकास कुमार, 3 वर्षीय मोहित कुमार, 6 वर्षीय निधि कुमारी के रूप में हुई है. बच्चों के पिता मोहन ठाकुर गुजरात में प्राइवेट नौकरी करते हैं. घटना का पता चलने के बाद मोहन ठाकुर गुजरात से अरवल रवाना हो गए हैं. मां मीरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.
रास्ते में हुई मौत: जानकारी मिलने के बाद सभी बच्चों को पालीगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया, लेकिन बच्चों का पेट दर्द ठीक नहीं हुआ. कुछ देर बाद डॉक्टर ने बताया कि यहां ठीक नहीं होगा. इसके बाद बच्ची को अरवल इलाज के लिए ले गए, जहां दो बच्चों की मौत हो गयी. बेटी निधि की स्थिति गंभीर हो गयी, जिसे पटना पीएमसीएच में भर्ती कराया गया. इसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गयी.

