शहडोल:- जिले के जैसिंहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कौवासरई निवासी 22 वर्षीय सूरज यादव की सोमवार को सोन नदी में डूबने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह उसका शव कई किलोमीटर दूर पत्थरों में फंसा मिला। बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।
नहाते समय तेज बहाव में बहा युवक
जानकारी के अनुसार सूरज यादव ग्राम निगाही स्थित सोन नदी के घाट पर नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक तेज बहाव में बह गया और गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
रेस्क्यू टीम ने किया शव बरामद
सूचना पर जैसिंहनगर पुलिस और एसडीआरईएफ की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

