अंबिकापुर। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों को गमगीन कर दिया। इस हादसे में मामा और उनके भांजे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आईं। बता दें कि हादसा उस समय हुआ जब ग्राम आनंदपुर निवासी धनसु सिंह गोड़, उनके भाई रति सिंह और भांजे बुधमान सिंह बाइक से अपनी मौसी के घर लक्ष्मीपुर से वापस लौट रहे थे। बाइक को बुधमान सिंह चला रहा था।
लक्ष्मीपुर के पास एक मोड़ पर सामने से आ रहे एक अन्य बाइक सवार को देखकर बुधमान ने नियंत्रण खो दिया। बाइक सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस दुर्घटना में रति सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बुधमान सिंह को भी गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान बुधमान ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, धनसु सिंह को मामूली चोटें आईं और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में सड़क के किनारे गड्ढे और मोड़ खतरनाक हैं, जिसके कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। इस दुखद घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।

