रायपुर:- छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के गोबरा नवापारा स्थित मां महामाया मंदिर में चोरी की वारदात से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। देर रात मंदिर में घुसे चोर ने भगवान को चढ़ाए गए चांदी के छत्र और खड़ाऊ के साथ दानपेटी पर भी हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
चांदी का छत्र, खड़ाऊ और दानपेटी चोरी
मिली जानकारी के मुताबिक, चोर मंदिर में दाखिल हुआ और वहां रखी चांदी की खड़ाऊ, चांदी का छत्र और दानपेटी चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश
मंदिर में लगे CCTV कैमरों में आरोपी की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने में जुटी है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी आरोपी के बारे में जानकारी जुटा रही है।
आरोपी की जानकारी देने पर 5 हजार का इनाम
चोरी की वारदात के बाद आरोपी को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आरोपी की जानकारी देने या उसे पकड़वाने में मदद करने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस का कहना है कि, CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

